झारखंड: कस्टमर केयर एज्यूकेटिव बनकर ठगी, पुलिस ने 10 शातिर ठग को किया गिरफ्तार, ऐसे करते थे ठगी..
Jharkhand: Police arrested 10 fraudsters for posing as customer care executives.

देवघर में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल, सिम कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।
________________________________________
देवघर। देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस ने 10 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खुद को बड़ी कंपनियों के कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
एसपी के निर्देश पर 2 अप्रैल को यह कार्रवाई की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो फर्जी कस्टमर केयर सर्विस के नाम पर लोगों को ठग रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और छापेमारी की गई। इस दौरान सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी खुद को Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank और अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों का अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। इसके अलावा ये लोग गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर देते थे, जिससे लोग मदद के लिए उन नंबरों पर संपर्क करते और ठगी का शिकार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह कई तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। आरोपी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के नाम पर भी ठगते थे। इसके अलावा बैंकिंग सुविधाओं, State Bank of India के क्रेडिट कार्ड लिंक, कैशबैक ऑफर और गिफ्ट कार्ड के नाम पर भी लोगों से पैसे ऐंठे जाते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड और 4 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। इन उपकरणों का इस्तेमाल ठगी को अंजाम देने के लिए किया जाता था। पुलिस अब इनसे जुड़े बैंक खातों और अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।









