झारखंड- डाक्टर की हत्या: “थोड़ी देर में आता हूं” अचानक गायब हुए डाक्टर की मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी, संदेह पर कईयों से पूछताछ….
Jharkhand: Doctor's murder: "I'll be back in a while." The body of a doctor who suddenly disappeared was found. Police are investigating and questioning several suspects.

चतरा जिले में वेटनरी डॉक्टर की हत्या कर दी गयी है। डाक्टर का शव झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। शव पर गहरे जख्म के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और डॉग स्क्वाड की मदद ली जा रही है।
________________________________________
चतरा। झारखंड के चतरा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक वेटनरी डाक्टर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में झाड़ियों से बरामद किया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।मृतक की पहचान बहराकोचवा गांव निवासी 58 वर्षीय योगेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो एक सरकारी वेटनरी डॉक्टर थे।
उनका शव सदर थाना क्षेत्र के तपेज-रमना मुख्य सड़क के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। शव पर कई गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।परिजनों के अनुसार, योगेंद्र यादव शुक्रवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच घर पहुंचे थे। उन्होंने घरवालों को सब्जी दी और कहा कि वे थोड़ी देर में लौट आएंगे।
इसके बाद वे घर से निकल गए, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण महुआ चुनने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने झाड़ियों में एक शव देखा। पास जाकर देखने पर स्थिति संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस और गांव के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी।
देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से मृतक का मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जो जांच में अहम सुराग साबित हो सकते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हजारीबाग से डॉग स्क्वाड की टीम भी बुलाई है, जो घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि संभवतः हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया।ग्रामीणों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।









