झारखंड की बंटी-बबली: मियां-बीबी की इस जोड़ी ने लगाया लाखों का चूना, कम ब्याज में लोन दिलाकर लूट लिया, फिर हो गयी फरार
Jharkhand's Bunty-Babli: This husband-wife duo defrauded lakhs of rupees, robbed them by providing loans at low interest rates, and then absconded.

बोकारो जिले के गोमया प्रखंड में महिलाओं के नाम पर फर्जी लोन निकालकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी दंपती फरार है, जबकि पीड़ित महिलाएं कर्ज के दबाव में परेशान हैं।
________________________________________
बोकारो। बोकारों के गोमिया प्रखंड में बंटी-बबली की जोड़ी ने बड़ा कांड किया है। मियां-बीबी की इस जोड़ी ने लाखों रुपया का चूना लगाया और फिर फरार हो गये। आरोप है कि पति-पत्नी ने मिलकर 36 ग्रामीण महिलाओं के नाम पर करीब 46 लाख रुपये का लोन निकलवाकर हड़प लिया। घटना के बाद आरोपी दंपती गांव छोड़कर फरार हो गया है, जिससे पीड़ित महिलाओं में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी नीरू कुमारी और उसके पति अजय कुमार ठाकुर ने गांव की महिलाओं को कम ब्याज पर आसान लोन दिलाने का लालच दिया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, शादी और अन्य जरूरतों का हवाला देकर महिलाओं का भरोसा जीता। इसके बाद उनसे आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और अन्य जरूरी दस्तावेज एकत्र कर लिए।
आरोप है कि दंपती ने इन दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से महिलाओं के नाम पर लोन स्वीकृत करवा लिया। जैसे ही लोन की राशि खातों में आई, आरोपियों ने “सिविल स्कोर सुधारने” और भविष्य में अधिक लोन दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से पैसे अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। कई महिलाओं के नाम पर दो से तीन बार लोन उठाया गया।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में आरोपियों ने अपने घर को ही एक छोटे कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया और कुछ महिलाओं को छोटे-छोटे लोन दिलाकर उनका विश्वास जीत लिया। बाद में बड़े स्तर पर लोन पास कराकर पूरी राशि हड़प ली। 23 फरवरी को दोनों अचानक गांव से फरार हो गए।
दंपती के फरार होने के बाद अब माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंट पीड़ित महिलाओं से कर्ज की वसूली के लिए दबाव बना रहे हैं। महिलाओं का आरोप है कि एजेंट घर-घर जाकर गाली-गलौज करते हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इससे महिलाओं और उनके परिवारों की स्थिति और भी खराब हो गई है।इस मामले में पीड़ितों ने चतरोचट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने कांड संख्या 17/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों के बैंक खातों और लोकेशन का पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी है। इसी क्रम में कसमार थाना क्षेत्र में उनके एक रिश्तेदार के घर छापेमारी भी की गई, हालांकि आरोपी वहां भी नहीं मिले। मौके से एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में करीब 20 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई है, जबकि कुल ठगी की राशि इससे कहीं अधिक हो सकती है।









