रांची: स्कूल वैन का ड्राइवर बना हैवान, स्कूली छात्रा के साथ की छेड़खानी, शिकायत के बाद आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
Ranchi: School van driver molested a schoolgirl, arrested after complaint

रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक स्कूली बच्ची के साथ कथित छेड़खानी के मामले में पुलिस ने वैन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बच्ची के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई है, जबकि आरोपी ने आरोपों से इनकार किया है।
…………………………………………………………….
रांची। झारखंड में स्कूली बच्चियों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर व चिंताजनक खबर आयी है। स्कूल वैन का ड्राइवर ही हैवान बन गया। मामला झारखंड की राजधानी रांची की है, जहां कोतवाली थाना क्षेत्र में एक स्कूली बच्ची के साथ छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने वैन चालक इरफान को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह मामला तब सामने आया जब बच्ची स्कूल से घर लौटी और बेहद घबराई हुई दिखाई दी। परिजनों ने जब उससे कारण पूछा, तो उसने वैन चालक की कथित हरकतों के बारे में बताया। बच्ची का आरोप है कि आरोपी चालक उसके साथ बार-बार अश्लील व्यवहार करता था और उसे अनुचित तरीके से छूता था। इन घटनाओं से वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के परिजन तुरंत थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्ची का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
हालांकि, आरोपी इरफान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि बच्ची ने रास्ते में शौच जाने की बात कही थी, इसलिए वह बार-बार पीछे मुड़कर यह देखने की कोशिश कर रहा था कि कहीं सीट गंदी तो नहीं हो गई। आरोपी का दावा है कि उसने किसी भी तरह की गलत हरकत नहीं की।
झारखंड पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी निष्पक्षता से की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित गवाहों के बयान भी दर्ज कर सकती है और जरूरत पड़ने पर स्कूल वैन से जुड़े अन्य बच्चों से भी पूछताछ की जाएगी। साथ ही, घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।









