ब्रेकिंग: पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा! कंपनी ने पेट्रोल 5 रुपया व डीजल 3 रुपया प्रति लीटर बढ़ाया, पेट्रोल पंपों पर तत्काल प्रभाव से लागू हुई नई कीमतें, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर
Breaking: Petrol and diesel prices hiked! Companies have raised the price of petrol by ₹5 per litre and diesel by ₹3 per litre; new rates are effective immediately at petrol pumps—a result of rising crude oil prices.

पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पेट्रोल-डीजल महंगा हो गया है। तेल की बढ़ी कीमतों से त्योहारी मौसम में लोगों की परेशानी बढ़नी तय है। दरअसल देश की प्रमुख निजी फ्यूल रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी की है।
कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। नई दरें शनिवार से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।इस बढ़ोतरी का असर देशभर में नायरा एनर्जी के करीब 7,108 फ्यूल स्टेशनों पर देखने को मिलेगा। कंपनी की ओर से यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में तेजी बनी हुई है।
क्यों बढ़ाए गए पेट्रोल-डीजल के दाम?
जानकारी के मुताबिक, वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के कारण फ्यूल रिटेल कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं। इसी बढ़ती लागत के बीच नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया है।
यह बढ़ोतरी फिलहाल नायरा एनर्जी की ओर से की गई है। सरकारी तेल कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम—की ओर से इस बढ़ोतरी के अनुरूप पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने की जानकारी नहीं है।देश में करीब 1,04,137 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से 90 फीसदी से अधिक का संचालन या नियंत्रण सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के पास है।
मार्च में भी बढ़ाए थे दाम
नायरा एनर्जी ने इससे पहले 26 मार्च को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इतनी ही बढ़ोतरी की थी। उस समय पेट्रोल के दाम में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
मार्च में पश्चिम एशिया में तनाव और ईरान से जुड़े घटनाक्रम के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी थी। इसका असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी पड़ा था। बढ़ती लागत का असर ग्राहकों तक पहुंचाने वाली नायरा उस समय शुरुआती निजी फ्यूल रिटेलर्स में शामिल थी।मार्च की बढ़ोतरी के बाद नायरा के पंपों पर पेट्रोल की कीमत करीब 100.71 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 91.31 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई थी।
जुलाई में वापस ली थी बढ़ोतरी
हालांकि, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद नायरा एनर्जी ने 1 जुलाई को मार्च की बढ़ोतरी वापस ले ली थी।कंपनी ने उस समय पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की थी। इससे मार्च में की गई पूरी बढ़ोतरी वापस हो गई थी।अब एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच नायरा ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला किया है।
सरकारी कंपनियों के पंपों पर क्या होगा?
फिलहाल पेट्रोल-डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी नायरा एनर्जी के पंपों तक सीमित है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसे सरकारी फ्यूल रिटेलर्स की ओर से समान बढ़ोतरी की घोषणा नहीं की गई है।इस वजह से अलग-अलग कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कीमतों में अंतर देखने को मिल सकता है। अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया की स्थिति पर आने वाले दिनों में बाजार की नजर बनी रहेगी।









