ब्रेकिंग- वासेपुर गोलियों की आवाज से थर्राया : फहीम खान के भाई सहित तीन को मारी गयी गोलियां, दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने इलाके में…
Breaking: Wasseypur rocked by gunfire—three people, including Fahim Khan's brother, shot; a barrage of bullets fired in broad daylight; police have...

धनबाद। दिनदहाड़े वासेपुर का इलाका फिर गोलियों की आवाज से दहल उठा। सोमवार को दोपहर के वक्त अचानक गोलियों की आवाज से भुली मोड़ इलाका थर्रा गया। बताया जा रहा है कि फहीम खान के भाई सहित तीन को गोली मारी गयी है। व्यस्त सड़क पर बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और पीछे बैठे हमलावर ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां सानु खान, चंकी और एक महिला को लगीं।
वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से भाग निकले। पुलिस ने मौके से सात से आठ खाली कारतूस बरामद किए हैं।घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
बाइक पर आए थे दो बदमाश, पीछे बैठे शूटर ने चला दीं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर दो युवक सवार थे। बाइक चला रहे युवक के पीछे बैठे हमलावर ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उसने एक के बाद एक कई गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।फायरिंग में फहीम खान के भाई और अंडा कारोबारी सानु खान, छपरा स्टोर के संचालक चंकी और एक महिला घायल हो गए।
वारदात के बाद दोनों बदमाश तेजी से बाइक लेकर भागने लगे। कुछ स्थानीय लोगों ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पीछा कर रहे लोगों की ओर भी गोली चलाई और मौके से फरार हो गए।
सात से आठ कारतूस मिले, सीसीटीवी में तलाशे जा रहे शूटर
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, बरवाअड्डा थाना प्रभारी, बैंक मोड़ थाना प्रभारी और भुली ओपी प्रभारी ने घटनास्थल का जायजा लिया।पुलिस को घटनास्थल से सात से आठ खाली कारतूस मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक और हमलावरों की पहचान हो सके।
तीनों घायल खतरे से बाहर, हमलावरों की तलाश तेज
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के मुताबिक तीनों घायलों का इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल दिनदहाड़े इस फायरिंग के पीछे की वजह का है। क्या हमलावरों ने किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाया था या तीनों किसी और वजह से गोलीबारी की चपेट में आए?
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर इन सवालों के जवाब तलाश रही है।फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं इलाके में लगातार पुलिस गश्त भी कर रही है। काफी दिनों के बाद वासेपुर में इस तरह की गोलीबारी हुई है। आपको बता दें कि वासेपुर खून खराबे और गोलीबारी की वजह से हमेशा से चर्चित रहा है। वासेपुर पर बनी फिल्म गैंग्स आफ वासेपुर भी काफी हिट रही थी।









