….जब सिपाही को लेकर बदमाश कूद गया उफनती नदी में, हथियार के साथ पकड़ा गया, फिर सिपाही को खींचकर नदी में कूद गया आरोपी; जवान की किसी तरह बची जान
...When the miscreant jumped into the raging river while holding the constable—having initially been caught with a weapon, the accused dragged the constable and plunged into the river; the jawan somehow managed to save his life.

भागलपुर। .…वो तो सुना है ना आपने…हम तो डूबेंगे सनम, तुम्हे भी ले डूबेंगे। ऐसा ही कुछ भागलपुर में, जहां पुलिस ने हथियार के साथ एक आरोपी को पकड़ा था। पुलिस टीम उसे थाने ले जाने की तैयारी में थी। तभी आरोपी ने ऐसा कदम उठाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए।
उसने अपने साथ एक सिपाही को भी खींच लिया और चांदन नदी की तेज धार में छलांग लगा दी।सिपाही किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकल आया, लेकिन आरोपी संतोष यादव नदी में लापता हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।
हथियार के साथ नदी किनारे पहुंचा था आरोपी
घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर घाट के पास की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मोतीडीह गांव निवासी संतोष यादव चांदन नदी के पास हथियार लेकर मौजूद है।सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को देसी मास्केट और कारतूस के साथ पकड़ लिया।पुलिस टीम आरोपी को चचरी पुल के रास्ते पुलिस वाहन की ओर ले जा रही थी। माना जा रहा था कि अब उसे थाने ले जाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।लेकिन तभी कहानी अचानक पलट गई।
सिपाही को खींचा और नदी में लगा दी छलांग
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अचानक एक सिपाही को पकड़ लिया और उसे अपने साथ खींचते हुए नदी की तेज धार में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। सिपाही ने किसी तरह खुद को संभाला और तैरकर नदी के किनारे पहुंच गया।वहीं संतोष यादव पानी की धार में बहता हुआ नजरों से ओझल हो गया।
दूसरी तरफ के किनारे पहुंचने की आशंका
पुलिस के अनुसार, आरोपी के नदी की दूसरी तरफ पहुंचकर फरार होने की आशंका है। छलांग लगाने के बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है।थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को आरोपी के हथियार के साथ नदी के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान उसे पकड़ा गया, लेकिन वह सिपाही को साथ लेकर नदी में कूद गया।पुलिस अब नदी के आसपास के इलाकों के साथ उसके संभावित ठिकानों पर भी तलाश अभियान चला रही है।
मास्केट और कारतूस बरामद, आरोपी पर पहले से केस
पुलिस ने आरोपी के पास से देसी मास्केट और कारतूस बरामद कर जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक संतोष यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।अब पुलिस के सामने चुनौती है कि नदी में छलांग लगाने के बाद फरार हुए आरोपी को जल्द से जल्द तलाश कर गिरफ्तार किया जाए।फिलहाल हथियार पुलिस के कब्जे में है, सिपाही सुरक्षित है और आरोपी संतोष यादव की तलाश जारी है।









