झारखंड: गोलियों की आवाज से थर्राया इलाका, बेटे के सामने पिता को गोलियों से भूना, बेटे की भी हालत गंभीर

Jharkhand: Gunfire rocks area, father shot dead in front of son, son also in critical condition

झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने पिता-पुत्र पर गोली चला दी। घटना में 55 वर्षीय सुकरा महतो की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल हो गया है। जमीन विवाद को इस वारदात की संभावित वजह बताया जा रहा है।
________________________________________
खूंटी। झारखंड से एक बड़ी खबर आयी है। खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में हथियारबंद अपराधियों ने एक परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 55 वर्षीय सुकरा महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए Rajendra Institute of Medical Sciences (रिम्स) रेफर किया गया है।

शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है। मृतक के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के पास स्थित किराना दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान दो अज्ञात हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे। दुकान के पास आते ही उन्होंने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों का मुख्य निशाना अर्जुन महतो था।

जैसे ही बदमाशों ने उस पर गोली चलाई, अर्जुन ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान एक गोली उसके दाहिने हाथ में लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अर्जुन के घायल होने के बाद भी अपराधियों ने फायरिंग जारी रखी। इसी दौरान उन्होंने दुकान में कुर्सी पर बैठे उसके पिता सुकरा महतो को निशाना बनाते हुए उनके सीने में गोली मार दी।

गोली लगते ही सुकरा महतो जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इसका फायदा उठाकर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया।

वहीं अर्जुन महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेज दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।परिजनों का कहना है कि इस वारदात के पीछे जमीन विवाद की आशंका है। बताया जा रहा है कि सुकरा महतो वर्ष 2013 से अपने ससुराल तिमड़ा गांव में परिवार के साथ रह रहे थे।

उनके ससुर ने अपनी जमीन अपनी बेटी और दामाद के नाम कर दी थी। इसी जमीन को लेकर परिवार के अन्य गोतिया के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।परिवार का आरोप है कि इसी विवाद के कारण इस हमले को अंजाम दिया गया हो सकता है। उनका कहना है कि अपराधियों का इरादा पूरे परिवार को निशाना बनाने का था, लेकिन घटना के दौरान लोग इधर-उधर भाग गए, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।

Related Articles