झारखंड 1 करोड़ की लूट : राजरप्पा लूट का 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश, गैंग में महिला लूटेरी भी थी शामिल, कार से भाग रहे लूटेरे आधे रास्ते में दबोचे गये, 7 गिरफ्तार
Jharkhand: 1 crore robbery: Rajrappa robbery uncovered within 72 hours; gang includes female robber; robbers fleeing in car caught midway, 7 arrested

रामगढ़ के रजरप्पा क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप में हुई 1 करोड़ की डकैती का पुलिस ने खुलासा कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटे गए जेवरात, हथियार और वाहन बरामद हुए हैं।
________________________________________
Jharkhand Crime News। झारखंड में 1 करोड़ की लूट मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन दिख रहा है। रामगढ़ जिले में रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में 21 अप्रैल को दिनदहाड़े की लूट की वारदात हुई थी। इस सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। रामगढ़ पुलिस ने पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) के जरिए इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से भारी मात्रा में लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात, हथियार और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किए गए हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ चंदन वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर झारखंड के रामगढ़, लातेहार, पलामू और रांची जिलों के अलावा बिहार के नालंदा जिले में लगातार छापेमारी की।
पुलिस को पहली बड़ी सफलता नालंदा के हरनौत क्षेत्र में मिली, जहां एक एर्टिगा कार से मनीष कुमार, रीना देवी और चंद्रावती देवी को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए, जिन्हें बिहार में खपाने की तैयारी थी।इसके बाद पुलिस ने पलामू जिले के पिपराटांड़ क्षेत्र में दबिश देकर गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी भी शामिल हैं। इनके पास से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं, जिससे पुलिस को सबूत मजबूत करने में मदद मिली है।बरामद सामानों की सूची काफी लंबी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल (मैगजीन सहित), तीन जिंदा कारतूस, एक एर्टिगा कार, एक अपाची मोटरसाइकिल, एक होंडा शाइन बाइक और एक स्कूटी जब्त की है।
इसके अलावा सोने की अंगूठियां, धार्मिक लॉकेट (बजरंग बली और दुर्गा मां के), झुमके, चांदी के बर्तन और कई मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सुभानी अंसारी उर्फ ललका (मांडू निवासी) भी शामिल है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है।
उसके खिलाफ जमशेदपुर, मांडू, रजरप्पा और पेटरवार थानों में आर्म्स एक्ट, डकैती और एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।इस पूरे ऑपरेशन में प्रशिक्षु डीएसपी फैजान अहमद, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पाण्डेय सहित कई थानों की पुलिस टीम और तकनीकी शाखा के कर्मियों की अहम भूमिका रही।









