झारखंड- पारा शिक्षक की हत्या मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा, जानिये किस वजह से ले ली गयी जान, तीन गिरफ्तार
Jharkhand: Police make a major disclosure in the murder case of a para teacher; find out the reason for his death; three arrested.

Para Teacher Murder Case : पारा शिक्षक की हत्या मामले में बड़ा ही चौकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। पूरा मामला पश्चिमी सिंहभूम का है, जहां टोंटो थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय पारा शिक्षक मुकरु देवगम की हत्या कर दी गयी थी। अब पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक हड़िया पीने को लेकर हुए विवाद से यह वारदात सामने आई। पुलिस ने घटनास्थल से खून से लथपथ पत्थर, डंडा और आरोपियों के कपड़े बरामद किए हैं। टोंटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी बाजार टांड़ में 29 नवंबर की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 50 वर्षीय पारा शिक्षक मुकरु देवगम की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना गांव के मुंडा द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक चाईबासा ने तत्काल एक विशेष जांच टीम गठित करने का निर्देश दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई और तकनीकी शाखा की मदद से संदिग्धों का लोकेशन ट्रैक किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 30 नवंबर को टीम ने केजरा गांव से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तीनों युवक घटना के समय उपस्थित थे और उन्होंने अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया है।
हड़िया पीने को लेकर हुआ था विवाद
मृतक मुकरु देवगम सुंडी सुरनिया में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और घटना वाले दिन साप्ताहिक बाजार करने पुरनापानी पहुंचे थे। इसी दौरान बाजार परिसर में हड़िया पीने को लेकर उनका तीन युवकों से विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मिलकर मुकरु देवगम पर हमला कर दिया और पत्थर व डंडे से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।
घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण सबूत
पुलिस ने आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर वारदात के समय पहने गए कपड़े, खून से सना पत्थर, डंडा और मिट्टी को जब्त कर लिया है। ये सभी सबूत फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम—सोमा सुंडी (25 वर्ष), निवासी टोंटो थाना क्षेत्र, टोला गोतामंपी (नंदीगुटू), सीनू गौड़ (20 वर्ष), निवासी पुरनापानी और मंगल कारोवा (20 वर्ष), निवासी पेरतोल, टोला गुटुबासा। सभी आरोपियों को विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच जारी रखे हुए है।









