शिक्षक होंगे बर्खास्त: खराब प्रदर्शन व लापरवाह शिक्षकों को जबरन रिटायर करने की तैयारी, राज्य सरकार ने जारी किया आदेश, 31 जनवरी तक मांगी रिपोर्ट, मचा हड़कंप

Teachers to be dismissed: State government prepares to forcibly retire underperforming and negligent teachers, issues order, demands report by January 31, causing widespread panic.

Teacher News । शिक्षकों के खिलाफ अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। खराब प्रदर्शन पर निलंबन और वेतन रोकने जैसी कार्रवाईयों के बजाय सीधे बर्खास्तगी होगी।

राज्य सरकार के इस आदेश के बाद हड़कंप मच गया है। झारखंड से सटे ओडिशा में ये आदेश जारी किया गया है। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता और प्रशासनिक दक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ा कदम उठाया है।

इस संबंध में अधिकारियों को 31 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों के प्रदर्शन की समीक्षा करें और अक्षम, लापरवाह या लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों की पहचान करें।

इन मामलों में समय पूर्व अनिवार्य सेवानिवृत्ति (Compulsory Retirement) पर विचार किया जाएगा।

आपको बता दें कि ओड़िशा में इस संबंध में 13 जनवरी को उच्च शिक्षा विभाग की ओर से सभी विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार, डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया गया है।

पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि शैक्षणिक मानकों और प्रशासनिक दक्षता को बनाए रखने के लिए शिक्षकों की कार्यकुशलता की गहन समीक्षा की जाए।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान, नियमितता, पढ़ाने की गुणवत्ता, शोध कार्य, प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन और समग्र कार्य निष्पादन का मूल्यांकन करें। जिन शिक्षकों का प्रदर्शन लंबे समय से संतोषजनक नहीं पाया गया है या जो अपने दायित्वों के प्रति उदासीन हैं, उनके मामलों में प्रासंगिक सेवा नियमों और लागू सरकारी दिशानिर्देशों के तहत समय पूर्व अनिवार्य सेवानिवृत्ति पर विचार किया जा सकता है।

उच्च शिक्षा विभाग ने इस प्रक्रिया को अत्यंत गंभीर और प्राथमिकता वाला बताते हुए निर्देश दिया है कि सभी संबंधित अधिकारी 31 जनवरी तक अपनी अनुपालन रिपोर्ट विभाग को अनिवार्य रूप से सौंपें। इसके बाद सरकारी स्तर पर इन रिपोर्टों की विस्तृत जांच और मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कार्रवाई नियमों के अनुरूप और निष्पक्ष तरीके से हो।

ओड़िशा सरकार का मानना है कि शिक्षा की गुणवत्ता सीधे तौर पर शिक्षकों के प्रदर्शन से जुड़ी होती है। यदि शिक्षक अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करते हैं, तो इसका सीधा असर विद्यार्थियों और पूरे शिक्षा तंत्र पर पड़ता है। इसी कारण राज्य सरकार न केवल स्कूली शिक्षा बल्कि उच्च शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर नजर आ रही है।

सूत्रों के अनुसार, सरकार पहले ही कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को आगाह कर चुकी थी कि खराब प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कुछ शिक्षकों द्वारा लापरवाही और उदासीनता जारी रखी गई।

अब सरकार ने ऐसे शिक्षकों की “पूरी कुंडली” तैयार करने का निर्देश देकर यह संकेत दे दिया है कि इस बार चेतावनी नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई होगी।

शिक्षा विभाग से जुड़े जानकारों का कहना है कि यदि तय समय-सीमा के भीतर रिपोर्ट तैयार हो जाती है, तो फरवरी के अंत तक लापरवाह और खराब प्रदर्शन वाले शिक्षकों पर गाज गिर सकती है। इससे न केवल शिक्षा संस्थानों में अनुशासन बढ़ेगा, बल्कि मेहनती और योग्य शिक्षकों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles