SSC Teacher Recruitment: 26 हजार शिक्षकों की भर्ती में फिर होगी देरी! सुप्रीम कोर्ट से 8 महीने का समय मांग सकता है SSC, आज हो सकती है सुनवाई
SSC Recruitment 2026 में फिर देरी हो सकती है। 26 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए SSC सुप्रीम कोर्ट से 8 महीने का अतिरिक्त समय मांग सकता है। जानें पूरी वजह।

Teacher News। शिक्षक भर्ती से जुड़ी एक बड़ी खबर है। आज 26000 शिक्षकों की भर्ती पर अहम सुनवाई हो सकती है। पश्चिम बंगाल में 26 हजार शिक्षकों की भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को एक बार फिर लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर से तय की गई 31 अगस्त 2026 की समयसीमा अब खत्म होने जा रही है। ऐसे में पश्चिम बंगाल सरकार और स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) सोमवार को सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि आयोग नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए 31 मई 2027 तक अतिरिक्त समय मांग सकता है। दरअसल, वर्ष 2016 की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने पूरे पैनल को रद्द कर दिया था। इसके बाद नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया। अब दोबारा शुरू हुई प्रक्रिया भी तय समय में पूरी होती नजर नहीं आ रही है।
जानिये SSC को क्यों चाहिए और 8 महीने का समय?
स्कूल सर्विस कमीशन के अनुसार भर्ती परीक्षा के बाद बड़ी संख्या में आपत्तियां और शिकायतें प्राप्त हुई हैं। आंसर की जारी होने के बाद करीब 1.29 लाख शिकायतें आयोग के सामने आईं। इन शिकायतों की जांच के लिए रिव्यू कमेटी गठित की गई है।
आयोग का कहना है कि प्रत्येक शिकायत की अलग-अलग जांच करने में समय लग रहा है। इसके अलावा 5 लाख से अधिक OMR शीट को स्कैन करने की प्रक्रिया भी चुनौतीपूर्ण रही। आयोग के अनुसार OMR शीट को तीन-तीन बार स्कैन करना पड़ा।
इन्हीं प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए SSC को अतिरिक्त समय की जरूरत महसूस हो रही है। आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक, 31 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में अतिरिक्त समय की मांग को लेकर आवेदन किया जा सकता है।
2016 की भर्ती में लगे थे भ्रष्टाचार के आरोप
पश्चिम बंगाल में शिक्षकों की भर्ती का यह पूरा मामला वर्ष 2016 की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा है। तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई नियुक्तियों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने के बाद अदालत ने 2016 के पूरे भर्ती पैनल को रद्द कर दिया था। इसके बाद आयोग को दोबारा भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया।सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सितंबर 2025 में नए सिरे से शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 44 विषयों को शामिल किया गया था।
31 दिसंबर 2025 की समयसीमा भी बढ़ाई गई थी
सुप्रीम कोर्ट ने शुरुआत में SSC को 31 दिसंबर 2025 तक भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। हालांकि, तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद आयोग ने सुप्रीम कोर्ट से अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया।
SSC की मांग पर अदालत ने भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए समयसीमा बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी थी। अब यह समयसीमा भी समाप्त होने जा रही है और आयोग एक बार फिर अतिरिक्त समय मांगने की तैयारी में है।
OBC आरक्षण का मुद्दा भी बना बड़ी अड़चन
शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में OBC आरक्षण से जुड़ा विवाद भी देरी की एक बड़ी वजह बताया जा रहा है। SSC के अनुसार पिछली और मौजूदा सरकार की OBC नीति में अंतर होने के कारण आयोग को आगे की प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार से राय लेनी पड़ी है।
तत्कालीन सरकार द्वारा जारी किए गए नए नियमों के तहत बनाए गए OBC प्रमाणपत्रों को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट में मामला पहुंचा था। हाईकोर्ट के फैसले के बाद OBC-A और OBC-B श्रेणी से जुड़े प्रमाणपत्रों को लेकर स्थिति बदल गई है।अब आयोग के सामने यह सवाल है कि भर्ती प्रक्रिया में इन अभ्यर्थियों की श्रेणी और आरक्षण को किस तरह लागू किया जाए। इस पर राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगा गया है।
चुनाव के बाद आयोग में भी हुए बदलाव
SSC ने भर्ती में देरी के पीछे आयोग के स्तर पर हुए बदलावों को भी एक वजह बताया है। विधानसभा चुनाव 2026 से पहले आयोग के चेयरमैन और पांच जोन का काम देखने वाले अधिकारियों ने चुनाव के बाद इस्तीफा दे दिया था।आयोग में प्रशासनिक स्तर पर हुए इन बदलावों का असर भी भर्ती प्रक्रिया पर पड़ा है। इसके कारण अलग-अलग चरणों को पूरा करने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
11वीं-12वीं का पैनल लगभग तैयार
हालांकि, भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह रुकी हुई नहीं है। जानकारी के अनुसार 11वीं-12वीं के शिक्षकों का पैनल लगभग तैयार हो चुका है। 33 में से 21 विषयों के शिक्षकों की काउंसलिंग भी पूरी हो चुकी है।SSC अब तक 3,586 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की सिफारिश कर चुका है। वहीं, नौवीं-दसवीं कक्षा के शिक्षकों के इंटरव्यू के लिए अभ्यर्थियों की सूची भी तैयार की जा चुकी है।
कितने अभ्यर्थी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए?
• कक्षा 9वीं-10वीं के शिक्षक पद के लिए करीब 2.93 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था।
• कक्षा 11वीं-12वीं शिक्षक भर्ती परीक्षा में करीब 2.29 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए।
• परीक्षा में कुल 44 विषय शामिल थे।
• 11वीं-12वीं के 21 विषयों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है।
• SSC ने अब तक 3,586 नियुक्तियों की सिफारिश की है।
अभ्यर्थियों की बढ़ी चिंता
भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। नौकरी से वंचित अभ्यर्थियों के एक पक्ष के वकील फिरदौस शमीम ने नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रक्रिया में पहले ही काफी देरी हो चुकी है और अब योग्य अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द नियुक्ति मिलनी चाहिए।
अब सभी की नजर 31 अगस्त 2026 को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर है। यदि SSC अतिरिक्त समय की मांग करता है, तो अंतिम फैसला अदालत के रुख पर निर्भर करेगा। इससे 26 हजार शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।









