Jharkhand News: सरकारी स्कूल चोरों के निशाने पर, एक हफ्ते में चौथी चोरी; किचन शेड का ताला तोड़कर 3 गैस सिलेंडर ले उड़े चोर

गुमला के भरनो प्रखंड में सरकारी स्कूलों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। एक सप्ताह में चौथी चोरी में दुम्बो स्कूल के किचन शेड से 3 गैस सिलेंडर चोरी हो गए।

गुमला। जब से देश में रसोई गैस की किल्लत हुई थी, तभी से चोरों के निशाने पर सरकारी स्कूल आ गये हैं। खासकर स्कूलों में रखे रसोई गैस की चोरी ज्यादा ही बढ़ गयी है। कई जिलों से लगातार स्कूलों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। गुमला जिले में तो चोरों ने स्कूलों को कुछ ज्यादा ही टारगेट में ले रखा है। भरनो प्रखंड क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

एक के बाद एक विद्यालयों को निशाना बनाए जाने से स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावक चिंतित हैं। ताजा मामला राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय दुम्बो का है, जहां शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल के किचन शेड का ताला तोड़कर मध्यान भोजन (MDM) के लिए रखे तीन गैस सिलेंडर चोरी कर लिए।

घटना की जानकारी रविवार को विद्यालय खुलने के बाद शिक्षकों को हुई। स्कूल पहुंचने पर शिक्षकों ने देखा कि किचन शेड का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखे तीनों गैस सिलेंडर गायब हैं। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

NH-43 के किनारे स्कूल, फिर भी बेखौफ चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय दुम्बो NH-43 के किनारे स्थित है। इसके बावजूद चोरों ने रात के अंधेरे में बेखौफ होकर स्कूल के किचन शेड को निशाना बनाया। ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी किए जाने की घटना ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।विद्यालय के शिक्षक दीपक कुमार गुप्ता ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भरनो थाना में लिखित आवेदन दिया है। आवेदन के माध्यम से पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

एक सप्ताह में सरकारी स्कूल में चोरी की चौथी घटना

भरनो प्रखंड में सरकारी स्कूलों को लगातार निशाना बनाए जाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। एक सप्ताह के भीतर सरकारी स्कूलों में चोरी की यह चौथी घटना बताई जा रही है।इससे पहले चोरों ने डोम्बा, रायकेरा और समसेरा स्थित सरकारी विद्यालयों के किचन शेड को निशाना बनाया था।

इन स्कूलों में भी ताला तोड़कर गैस सिलेंडर और बच्चों के मध्यान भोजन के लिए रखा चावल चोरी किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शिक्षकों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि स्कूलों में लगातार चोरी हो रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है, तो इससे अपराधियों के हौसले बढ़ सकते हैं।

चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से बढ़ी चिंता

सरकारी स्कूलों में लगातार चोरी के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। शिक्षकों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं को भी गंभीरता से लेते हुए सभी मामलों की जांच की जाए और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

एक ही इलाके के कई स्कूलों में किचन शेड को निशाना बनाए जाने से यह भी आशंका जताई जा रही है कि इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह या स्थानीय स्तर पर सक्रिय चोरों का हाथ हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गैस सिलेंडर चोरी से बच्चों के MDM पर असर

स्कूलों से गैस सिलेंडर चोरी होने का सीधा असर बच्चों के मध्यान भोजन की व्यवस्था पर पड़ रहा है। विद्यालयों में भोजन तैयार करने के लिए उपलब्ध गैस सिलेंडर चोरी हो जाने के बाद शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती है।

शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराना जरूरी है। ऐसे में गैस सिलेंडर चोरी होने के बाद भोजन पकाने की व्यवस्था प्रभावित होती है और विद्यालय प्रबंधन को दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ता है।

लगातार हो रही घटनाओं ने न केवल सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि बच्चों के लिए संचालित मध्यान भोजन योजना की व्यवस्था को भी प्रभावित किया है। अब ग्रामीणों और शिक्षकों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि इन घटनाओं के आरोपियों तक पुलिस कब पहुंचती है।

ashrita

It is one of the rapidly emerging news websites of the country. HPBL has proved its name (Har Pal Breaking Live) meaningful every time. HPBL, which has become a trusted brand of Bihar-Jharkhand, check every news of HPBL for its reliability before delivering it to you. The reporters and desk staff of hpblnews.com news website work on a 24X7 mission mode for you, the readers.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *