झारखंड: थाने में ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की गोली लगने से मौत, SP ने SIT गठित कर मांगी जांच रिपोर्ट, हादसा या फिर….
Jharkhand: Constable shot dead while on duty at police station, SP forms SIT and seeks investigation report, accident or…

झारखंड के सिमडेगा जिले में सिपाही की मौत ने सवाल खड़े कर दिये हैं। दरअसल सिमडेगा के महाबुआंग थाना परिसर के अंदर ड्यूटी के दौरान एक पुलिस जवान की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक आरक्षी की पहचान राजू तिर्की के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोली उनकी ही सर्विस गन से चली। मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम गठित की गई है।
________________________________________
सिमडेगा 17 मई 2026। झारखंड के सिमडेगा के महाबुआंग थाने में गोली की आवाज से हड़कंप मच गया। थाना परिसर में ड्यूटी के दौरान एक पुलिस जवान की गोली लगने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है। मृतक जवान की पहचान आरक्षी राजू तिर्की के रूप में हुई है, जो रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र स्थित टिंबरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
आरक्षी राजू तिर्की महाबुआंग थाना परिसर में अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनकी सर्विस गन से गोली चल गई। गोली उनके गले को चीरते हुए माथे से बाहर निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।गोली चलने की आवाज सुनते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
साथी पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में घायल जवान को इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर तत्काल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह सहित कई अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अस्पताल परिसर में साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की आंखें नम दिखाई दीं।घटना के बाद पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। साथी जवानों का कहना है कि राजू तिर्की एक शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे। उनकी अचानक मौत से सभी स्तब्ध हैं।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गोली जवान की अपनी सर्विस गन से चली थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा मिसफायर के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए एसडीपीओ और डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। टीम थाना परिसर, हथियार की स्थिति और घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार से गोली अचानक कैसे चली।









