PF का पैसा अब निकलेगा UPI से, EPFO ला रहा बड़ी सुविधा, टेस्टिंग हो गयी पूरी, जानिये क्या होगी पूरी प्रक्रिया…

PF money can now be withdrawn through UPI, EPFO ​​is bringing a big facility, testing is complete, know what will be the complete process...

EPFO News। नौकरीपेशा लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी Employees’ Provident Fund Organisation अपने सदस्यों को ऐसी सुविधा देने जा रहा है, जिसके तहत कर्मचारी अपना पीएफ (EPF) का पैसा सीधे UPI के जरिए बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था से पीएफ निकालने की प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी आसान, तेज और डिजिटल हो जाएगी।

केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने इस नई सुविधा की जानकारी देते हुए बताया कि UPI आधारित EPF निकासी प्रणाली की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है। जल्द ही इसे कर्मचारियों के लिए लागू किया जा सकता है। सरकार का उद्देश्य है कि कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर अपने पीएफ का पैसा बिना लंबी प्रक्रिया और देरी के तुरंत उपलब्ध हो सके।

सीधे बैंक खाते में आएगा पैसा
नई सुविधा के तहत कर्मचारी अपने लिंक्ड बैंक खाते में UPI प्लेटफॉर्म के माध्यम से पीएफ की राशि ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपने EPFO खाते से उपलब्ध बैलेंस देखना होगा और जरूरत के अनुसार राशि निकालने का विकल्प मिलेगा। ट्रांजैक्शन पूरा करने के लिए UPI पिन का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया सुरक्षित रहेगी।

श्रम मंत्रालय के मुताबिक इस नई व्यवस्था में EPF की कुल राशि का एक हिस्सा सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि शेष पात्र राशि UPI के जरिए निकालने के लिए उपलब्ध रहेगी। इससे कर्मचारियों को आपात स्थिति में फौरन आर्थिक मदद मिल सकेगी।

अब नहीं करनी पड़ेगी लंबी प्रतीक्षा
फिलहाल EPF का पैसा निकालने के लिए कर्मचारियों को ऑनलाइन क्लेम प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। हालांकि पिछले कुछ समय में EPFO ने ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम लागू किया है, जिसके तहत तीन दिनों के भीतर पैसा ट्रांसफर होने लगा है। इसके बावजूद कई बार तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से देरी की शिकायतें आती रही हैं।

अब UPI सुविधा लागू होने के बाद यह प्रक्रिया और भी तेज हो जाएगी। कर्मचारी कुछ ही मिनटों में अपने बैंक खाते में पैसा प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जिन्हें अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है।

ऑटो-सेटलमेंट की सीमा भी बढ़ी
EPFO ने हाल ही में ऑटो-सेटलमेंट सुविधा की सीमा भी बढ़ा दी है। पहले यह सीमा 1 लाख रुपये तक थी, जिसे अब बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। यानी अब अधिक राशि के क्लेम भी तेज प्रक्रिया के तहत निपटाए जा सकेंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि UPI आधारित निकासी सुविधा आने से करोड़ों नौकरीपेशा कर्मचारियों को बड़ा लाभ मिलेगा। भारत में डिजिटल पेमेंट का तेजी से विस्तार हो रहा है और UPI आज सबसे भरोसेमंद भुगतान माध्यम बन चुका है। ऐसे में EPFO की यह पहल कर्मचारियों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो सकती है।

डिजिटल सेवाओं पर सरकार का फोकस
केंद्र सरकार लगातार सरकारी सेवाओं को डिजिटल और आसान बनाने पर जोर दे रही है। EPFO भी पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन सेवाओं को मजबूत करने में जुटा है। क्लेम प्रक्रिया, पासबुक, KYC अपडेट और ट्रांसफर जैसी कई सेवाएं पहले ही ऑनलाइन हो चुकी हैं।

Related Articles