धनबाद : जहरीली गैस के रिसाव से मचा हड़कंप, कई लोग पड़े बीमार, लोगों के घरों को कराया गया खाली, प्रशासन की टीम …
Dhanbad: Poisonous gas leak causes panic, many people fall ill, houses evacuated, administration team...

धनबाद। केंदुआडीह थाना क्षेत्र के कई इलाकों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। जहरीली गैस की वजह से कई लोग बीमार पड़ गये। प्रशासन की तरफ से इस घटना की जानकारी के बाद एक्शन प्लान शुरू किया गया। कई परिवार इलाके से अस्थायी रूप से हट गए। जांच टीम मौके पर है और गैस के स्रोत की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक केंदुआडीह थाना क्षेत्र के राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला और 5 नंबर इलाके में अचानक तेज दुर्गंध के साथ संदिग्ध जहरीली गैस का रिसाव हुआ, जिससे लगभग एक हजार की आबादी वाले क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गैस की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाना पड़ा।
गैस फैलने के बाद कई लोगों को सिरदर्द, उल्टी, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कुछ घरों में पालतू जानवरों तक पर असर देखा गया। स्थानीय निवासी रामकिशन ने बताया कि रिसाव के कुछ समय बाद ही उनका पालतू तोता मर गया, जिससे लोगों में भय और बढ़ गया।
जांच टीम मौके पर, गैस डिटेक्टर लगाए गए
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल के सेफ्टी ऑफिसर्स, केंदुआडीह थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी गैस डिटेक्टर मशीनों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। प्रारंभिक जांच में जीएम गेस्ट हाउस के पास स्थित झाड़ियों वाले क्षेत्र से गैस रिसाव की आशंका जताई गई है। हालांकि अभी तक गैस का प्रकार और वास्तविक स्रोत स्पष्ट नहीं हो सका है।
कुसुंडा एरिया के सेफ्टी ऑफिसर तुषारकांत ने बताया कि गैस रिसाव का प्रतिशत अभी ज्ञात नहीं है, लेकिन दुर्गंध काफी तीव्र है। उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और रिसाव को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, बीसीसीएल एजेंट लखन लाल बरनवाल ने कहा कि गैस रिसाव के सटीक स्थान को चिन्हित करने के लिए डिटेक्टर मशीनों से लगातार जांच की जा रही है। जैसे ही स्रोत का पता चलेगा, उसे सील और भरने का कार्य तत्काल शुरू होगा।
स्थानीय लोग दहशत में, कई परिवारों ने छोड़ा इलाका
रातभर चली दहशत का असर सुबह तक रहा। कई घरों में लोग बीमार मिले और अधिकांश को प्राथमिक उपचार की जरूरत पड़ी। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची पर जहरीली गैस का सीधा असर हुआ है। उन्होंने दावा किया कि दर्जनों लोग प्रभावित हैं और कई परिवार बच्चों और बुजुर्गों को लेकर इलाके से निकल गए हैं।स्थानीय लोगों और पार्षद से सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बीसीसीएल अधिकारियों को सूचित किया। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में अलर्ट मोड पर है और गैस रिसाव वाले क्षेत्र को घेरकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।









