सड़क किनारे खड़े होकर ट्रक ठीक कर रहे थे दो लोग, तभी पीछे से आई मौत… एक की गई जान, दूसरा अस्पताल में भर्ती

ब्रेक फेल होने के बाद सड़क किनारे ट्रक की मरम्मत कर रहे थे संजय और मुकेश, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर

गिरिडीह। रविवार को नवादा मुख्य मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ब्रेक फेल होने के बाद सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर उसकी मरम्मत कर रहे दो लोगों को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए धनबाद ले जाते समय एक युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में जारी है।

मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी संजय यादव के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी मुकेश यादव का इलाज चल रहा है।

ब्रेक फेल होने के बाद सड़क किनारे रोकना पड़ा ट्रक

परिजनों के अनुसार, संजय यादव और मुकेश यादव दोनों ट्रक में छड़ लोड कर बिहार के नवादा गए थे। वहां माल उतारने के बाद दोनों वापस गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान नवादा मेन रोड पर अचानक उनके ट्रक का ब्रेक फेल हो गया।

ब्रेक फेल होने के बाद दोनों ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और उसकी मरम्मत करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल

हादसा इतना भीषण था कि संजय और मुकेश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाते समय रास्ते में ही संजय यादव की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजन दोनों को लेकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे। यहां मुकेश यादव का इलाज जारी है।

दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

संजय यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। दोनों बच्चों की उम्र महज 2 और 5 साल बताई गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हादसे के कारणों और पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *