शिक्षक की मौत : सरकारी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थिति में मिली लाश, 5 महीने पहले ही हुई थी शादी, शाम से ही कमरे का दरवाजा बंद….
Teacher's death: Government teacher's body found under suspicious circumstances; married just 5 months ago; room door closed since evening....

शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
________________________________________
Teacher Death News : सरकारी शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शिक्षक का नाम करण कुमार सिंह है। पुलिस अब पूरे घटना की जांच में जुटी है। पूरी घटना बिहार के नालंदा जिले की है, जहां रहुई थाना क्षेत्र के देकपुरा गांव की बताई जा रही है। करण कुमार सिंह बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से नियुक्त शिक्षक थे।
मिली जानकारी के मुताबिक करण कुमार सिंह गया जिले के टेकारी क्षेत्र में बतौर सरकारी शिक्षक कार्यरत थे। उनकी नियुक्ति करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और हाल ही में उन्होंने अपनी नई जिंदगी की शुरुआत भी की थी। बताया जा रहा है कि उनकी शादी महज पांच महीने पहले, नवंबर माह में हुई थी। लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही उनके व्यवहार में बदलाव देखा जा रहा था।
करण पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव और अवसाद (डिप्रेशन) में थे। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। घटना वाले दिन शाम के समय उन्होंने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब दरवाजा खोला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उनकी मौत हो चुकी थी।
इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन गहरे सदमे में हैं और खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि शादी के बाद से ही करण किसी न किसी वजह से तनाव में रहते थे। पारिवारिक कलह की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ललित विजय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। साथ ही, मृतक के मोबाइल फोन और अन्य व्यक्तिगत दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, जिससे किसी प्रकार के संकेत मिल सकें।इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों की जटिलताओं को उजागर कर दिया है।









