झारखंड के 493 खिलाड़ियों की लगी लॉटरी! सरकार देगी 4.51 करोड़, जानिए किन खिलाड़ियों को मिलेगा नकद इनाम

911 आवेदनों की जांच के बाद 493 खिलाड़ी पाए गए पात्र, 24 खेलों में जीते पदकों के आधार पर सम्मान राशि की अनुशंसा; पेंशन के 21 आवेदनों में सिर्फ 2 मंजूर

रांची। झारखंड के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। उच्चस्तरीय समिति की बैठक में आवेदनों और प्रमाणपत्रों की जांच के बाद 493 खिलाड़ियों को करीब 4.51 करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की अनुशंसा की गई है।

वहीं, पूर्व खिलाड़ियों के लिए चल रही खिलाड़ी पेंशन योजना में मिले 21 आवेदनों में से सिर्फ 2 आवेदन ही निर्धारित मानकों पर पात्र पाए गए हैं।

911 आवेदनों में 493 खिलाड़ी निकले योग्य

खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय ने 1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2026 तक पदक के आधार पर सम्मान राशि देने के लिए खिलाड़ियों से आवेदन मांगे थे। इस दौरान अलग-अलग जिलों से कुल 911 आवेदन प्राप्त हुए।

जांच के बाद इनमें 510 आवेदन योग्य और 401 आवेदन अयोग्य पाए गए। इसके बाद समिति ने 510 आवेदनों में लगे प्रमाणपत्रों और अन्य दस्तावेजों की समीक्षा की। जांच के बाद 493 आवेदन पात्र पाए गए।

इन्हीं 493 खिलाड़ियों को करीब 4.51 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि देने की अनुशंसा की गई है।

24 खेलों में झारखंड के खिलाड़ियों ने जीते पदक

सम्मान राशि के लिए पात्र खिलाड़ियों ने अलग-अलग 24 खेल विधाओं में पदक हासिल किए हैं। इनमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक, वुशु, मुक्केबाजी, कुश्ती, भारोत्तोलन, शूटिंग, ताइक्वांडो, बैडमिंटन, जूडो, कराटे, रग्बी, बास्केटबॉल, स्क्वॉश और पैरा गेम्स समेत कई खेल शामिल हैं।

इन खिलाड़ियों के पदकों में 241 स्वर्ण, 136 रजत और 107 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके अलावा 9 खिलाड़ियों ने भागीदारी के आधार पर आवेदन किया है।

पूर्व खिलाड़ियों की पेंशन में सिर्फ 2 आवेदन पात्र

वहीं, पूर्व खिलाड़ियों के लिए संचालित खिलाड़ी पेंशन योजना के तहत कुल 21 आवेदन मिले थे। समिति ने सभी आवेदनों की जांच की, लेकिन इनमें से सिर्फ 2 आवेदन ही निर्धारित नियमों के अनुरूप पाए गए।

बाकी आवेदनों में जरूरी दस्तावेजों की कमी सामने आई है। ऐसे आवेदकों को आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने का अवसर देने की अनुशंसा समिति ने की है।

पेंशन योजना का होगा ज्यादा प्रचार-प्रसार

बैठक में यह भी सामने आया कि खिलाड़ी पेंशन योजना के लिए अपेक्षा के अनुरूप आवेदन नहीं आ रहे हैं। इसे देखते हुए समिति ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने की अनुशंसा की है।

इसके लिए सभी उपायुक्तों को पत्र भेजने की भी बात कही गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र पूर्व खिलाड़ी योजना का लाभ उठा सकें।

बाकी आवेदनों पर अगली बैठक में फैसला

नकद पुरस्कार से जुड़े शेष आवेदनों और प्रशिक्षकों के आवेदनों पर भी निर्णय लिया जाना बाकी है। इन मामलों पर चर्चा और फैसला लेने के लिए समिति की अगली बैठक आयोजित करने की अनुशंसा की गई है।

फिलहाल 493 खिलाड़ियों के लिए 4.51 करोड़ रुपये की सम्मान राशि की अनुशंसा झारखंड के खेल जगत के लिए बड़ी खबर है। अब खिलाड़ियों की नजर इस बात पर है कि सरकार की ओर से राशि वितरण की प्रक्रिया कब पूरी होती है।

Anita Nishad

Anita Nishad is a dedicated and insightful journalist currently serving as a key voice at HPBL News. With a deep-rooted passion for storytelling and truth-seeking, Anita has become a trusted name in digital and broadcast journalism, particularly known for her ability to bring grassroots issues to the forefront.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *