नामांकन में लापरवाही पर शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 54 हेडमास्टर के तीन दिन का वेतन कटा , 260 से मांगा जवाब
Education Department takes major action over negligence in enrollment: three days' salary deducted for 50 Headmasters; explanations sought from 260 others.

बिहार के औरंगाबाद जिले के प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा-एक के छात्रों के नामांकन और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले स्कूलों पर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है. विभाग ने 54 विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों के तीन दिनों का वेतन काटने का आदेश दिया है, जबकि 260 विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों और हेडमास्टरों से दो दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है.
9 जून को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर कक्षा-एक के विद्यार्थियों की प्रविष्टि की समीक्षा की थी. इस दौरान औरंगाबाद जिले की प्रगति बेहद असंतोषजनक पाई गई. कई बार सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद कई विद्यालयों में नामांकित बच्चों का डेटा पोर्टल पर अपडेट नहीं किया गया जिसके चलते विभाग को ये कदम उठाने पड़े।
जिले के 260 विद्यालयों में कक्षा-एक के नामांकित विद्यार्थियों की ई-शिक्षाकोष पर प्रविष्टि 30 प्रतिशत से भी कम पाई गई. ऐसे सभी विद्यालयों के हेडमास्टर से दो दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी.









