झारखंड- इतना पैसा हार्ट अटैक करा देगा: खाते में अचानक आ गये 9 अरब रुपये, जानकारी मिलते ही युवक के उड़ गये होश, बैंक ने नहीं की मदद तो दौड़ते भागते पहुंचा थाने
Jharkhand – This much money will give you a heart attack: 9 billion rupees suddenly arrived in the account, the young man was shocked when he got the information, when the bank did not help, he ran to the police station.

Jharkhand News : पैसा जिंदगी के लिए जरूरी है, लेकिन उतना भी पैसा जरूरी नहीं कि हार्ट अटैक ही करा दे। झारखंड में एक व्यक्ति के साथ ऐसा ही हुआ। उस शख्स के खाते में अचानक से इतना पैसा आ गया, कि उसके होश भी उड़ गये। परेशान शख्स ने अब पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पूरा मामला झारखंड के गिरिडीह जिले का है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण के खाते में अचानक 9 अरब से अधिक रुपये दिखने लगे, जबकि उसकी वास्तविक जमा राशि गायब हो गई।
जानकारी मिलते ही खाताधारक के होश उड़ गये।, पहले तो दौड़ते भागते वो बैंक पहुंचा, लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई, तो पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। खाताधारक बहुत डरा हुआ है। मामला गिरिडीह के हीरोडीह थाना क्षेत्र के यदुराडीह गांव का है। गांव निवासी गणेश प्रसाद वर्मा का खाता बैंक ऑफ इंडिया की हीरोडीह शाखा में संचालित है।
बताया जा रहा है कि गणेश प्रसाद वर्मा बैंक पहुंचे थे, जहां उन्हें केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी करानी थी। इसी दौरान जब उन्होंने अपने खाते का बैलेंस चेक किया, तो जो दिखाई दिया उसने उन्हें पूरी तरह से सन्न कर दिया। उनके खाते में अचानक 9,99,99,97,401 रुपये, यानी करीब नौ अरब 99 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दर्शाई जा रही थी।
गणेश प्रसाद वर्मा के अनुसार, उनके खाते में पहले करीब 10 हजार रुपये जमा थे, लेकिन वह राशि भी खाते से गायब पाई गई। एक मामूली किसान और ग्रामीण व्यक्ति के लिए इतनी बड़ी रकम देखना किसी झटके से कम नहीं था। वे समझ ही नहीं पाए कि यह कैसे संभव है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में कभी इतनी बड़ी रकम का लेन-देन तो दूर, कल्पना तक नहीं की।
गणेश प्रसाद वर्मा मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए। उन्होंने तुरंत बैंक कर्मियों से इस संबंध में जानकारी लेनी चाही, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। पीड़ित का आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनका खाता अस्थायी रूप से बंद कर दिया, लेकिन यह नहीं बताया कि इतनी बड़ी राशि खाते में कैसे दर्ज हो गई और उनकी असली जमा रकम कहां चली गई।
बैंक से उचित जवाब न मिलने पर गणेश प्रसाद वर्मा ने हीरोडीह थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यह किसी तकनीकी गड़बड़ी, सॉफ्टवेयर त्रुटि या किसी कर्मचारी की लापरवाही का परिणाम है, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।









