जाने सावन के महीने में खुद को हेल्दी रखने का सीक्रेट फार्मूला, जानिए अपने डाइट में आपको क्या बदलना है
Discover the secret formula to staying healthy during the month of Sawan, and learn what changes you need to make to your diet.

सावन का महीना हमारे हिन्दू धर्म में खास महत्त्व रखता है. इस दौरान कई लोग व्रत रखते हैं और खानपान में बदलाव करते हैं. बारिश और नमी की वजह से पाचन तंत्र पहले की तुलना में थोड़ा धीमा हो सकता है. ऐसे में अगर खाने-पीने का ध्यान न रखा जाए, तो पेट खराब होना, संक्रमण और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए सावन में हल्का, ताजा और घर का बना भोजन का सेवन करना ही सही विकल्प माना जाता हैं।
हमेशा ताजा और गर्म खाना खाने की कोशिश करें. हल्की दाल, खिचड़ी, सूप और भाप में पकी सब्जियां आसानी से पच जाती हैं और पेट पर ज्यादा दबाव नहीं डालतीं. खाना बनाते समय अदरक, हल्दी, काली मिर्च, दालचीनी और इलायची जैसे मसालों का सीमित मात्रा में इस्तेमाल करें. इनमें ऐसे गुण होते हैं जो पाचन और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.
इसके अलावा, बादाम, अखरोट, किशमिश और काजू जैसे ड्राई फ्रूट्स थोड़ी मात्रा में खा सकते हैं. अदरक, तुलसी और शहद से बनी हर्बल टी भी इस मौसम में शरीर को आराम देने में मदद कर सकती है.
इन बातों का रखें ध्यान
बारिश के मौसम में खुले में मिलने वाले स्ट्रीट फूड से दूरी बनाना बेहतर है. इनमें बैक्टीरिया जल्दी पनप सकते हैं, जिससे पेट का संक्रमण हो सकता है. बहुत ज्यादा मसालेदार और तला-भुना भोजन भी पाचन को प्रभावित कर सकता है.
बरसात में बैंगन और कई पत्तेदार सब्जियों में कीड़े और बैक्टीरिया होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए पालक, मेथी, लाल साग और पत्तागोभी जैसी सब्जियां अच्छी तरह साफ करके ही खानी चाहिए.









