Ranchi S*ex Racket: राजधानी के गेस्ट हाउस-होटलों में चल रहा गंदा धंधा, 6 लड़कियां समेत 13 गिरफ्तार, छापेमारी में मिले आपत्तजनक सामान…
Ranchi Sex Racket: Illicit trade operating in the capital's guest houses and hotels; 13 arrested, including 6 women; objectionable items found during raids...

रांची। राजधानी के होटल-गेस्ट हाउस में जिस्मफरोशी का धंधा खूब चल रहा है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के दौरान रांची पुलिस ने होटलों और गेस्ट हाउस की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा हुआ। कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई अलग-अलग कार्रवाई में पश्चिम बंगाल की 6 युवतियों समेत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, नकदी और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के मुताबिक, सीनियर एसपी राकेश रंजन को शहर के कुछ होटल और गेस्ट हाउस में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद 13 और 14 अगस्त की देर रात कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की।पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पश्चिम बंगाल से युवतियों को रांची लाकर ग्राहकों से संपर्क कराने की बात सामने आई है। दोनों मामलों में राजन नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिसे पुलिस कथित नेटवर्क का मुख्य संचालक मानकर तलाश कर रही है।
पांच कमरों की तलाशी में 8 लोग पकड़े गए
कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में रात करीब एक बजे कार्यपालक दंडाधिकारी जफर हसनात की मौजूदगी में पुलिस टीम ने छापेमारी की। टीम ने होटल के पांच कमरों की तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग कमरों से कुल 8 युवक-युवतियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, नकदी और आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया। पुलिस जांच में पकड़ी गई युवतियों के पश्चिम बंगाल निवासी होने की जानकारी सामने आई।पुलिस को यह भी संदेह है कि होटल में कमरा लेने के दौरान पहचान छिपाने के लिए दूसरे लोगों के नाम का इस्तेमाल किया जाता था।
WhatsApp के जरिए ग्राहकों से संपर्क का दावा
पूछताछ के दौरान होटल मैनेजर की भूमिका भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से मोबाइल और WhatsApp के जरिए संपर्क किया जाता था और इसके बाद होटल में कमरा उपलब्ध कराया जाता था।पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई एक युवती ने पूछताछ में राजन नाम के व्यक्ति के माध्यम से होटल पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने होटल मैनेजर और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
लालपुर के गेस्ट हाउस में भी छापेमारी
दूसरी कार्रवाई लालपुर थाना क्षेत्र के एक निजी गेस्ट हाउस में की गई। पुलिस को यहां भी कथित रूप से देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी।रात करीब दो बजे सूचना मिलने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। तड़के करीब तीन बजे पुलिस ने गेस्ट हाउस में छापेमारी की। रिसेप्शन पर मौजूद संचालक से पूछताछ के बाद पहली मंजिल के कमरों की तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार, एक कमरे से एक युवक और एक युवती तथा दूसरे कमरे से दो युवतियां मिलीं। तलाशी में आपत्तिजनक सामान और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस मामले में गेस्ट हाउस संचालक, एक युवक और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया गया है।
राजन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस की पूछताछ में सामने आए बयानों के आधार पर राजन को कथित नेटवर्क का मुख्य कड़ी बताया जा रहा है। आरोप है कि वह ग्राहकों से बातचीत कर सौदा तय करता था और इसके बाद कैब ड्राइवरों के जरिए युवतियों को संबंधित होटल या गेस्ट हाउस तक पहुंचाया जाता था।पुलिस के अनुसार, युवतियों को निर्धारित अवधि के लिए रकम दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। एक युवती को 13 दिन के लिए 50 हजार और 15 दिन के लिए 60 हजार रुपये दिए जाने की बात पूछताछ में सामने आने का दावा किया गया है।
दो जगह कार्रवाई, एक ही नेटवर्क का शक
कोतवाली और लालपुर थाना क्षेत्र में हुई दोनों कार्रवाइयों में राजन का नाम सामने आने के बाद पुलिस अब दोनों मामलों के बीच कनेक्शन की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाहर से युवतियों को रांची कौन बुलाता था, ग्राहकों से संपर्क कैसे किया जाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक, राजन के खिलाफ लालपुर थाने में पहले भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। कोतवाली एएसपी निखिल राय ने बताया कि मामले में जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।









