SSC परीक्षा 2025: समीक्षा के बाद संशोधित FRTA सूची जारी, जानें क्या हुए बदलाव और आगे की प्रक्रिया
SSC Exam 2025: Revised FRTA list released after review; find out what changes were made and the next steps.

नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग (Staff Selection Commission – SSC) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘C’ और ‘D’ परीक्षा 2025 में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए एक अहम अपडेट जारी किया है। आयोग ने आधिकारिक वेबसाइट पर रिवाइज्ड फर्स्ट राउंड ऑफ टेंटेटिव एलोकेशन (Revised FRTA) सूची प्रकाशित कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार SSC के आधिकारिक पोर्टल ssc.gov.in पर जाकर अपना आवंटन और कट-ऑफ चेक कर सकते हैं।
रिजल्ट को रोकने की क्या थी वजह
इससे पहले SSC ने 18 जून 2026 को प्रथम चरण का टेंटेटिव एलोकेशन जारी किया था। उस समय ग्रेड C के लिए 228 और ग्रेड D के लिए 1,483 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई थी। हालांकि, नतीजा आने के बाद कई परीक्षार्थियों ने स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट के मूल्यांकन (Skill Test Evaluation) में गड़बड़ी की शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने 19 जून को इस सूची पर रोक लगा दी और संपूर्ण मूल्यांकन की दोबारा समीक्षा शुरू की।
समीक्षा के बाद नई संशोधित सूची जारी
संपूर्ण मूल्यांकन प्रणाली की समीक्षा करने के बाद, आयोग ने नई संशोधित FRTA लिस्ट जारी की है। आयोग के अनुसार, यह बदलाव 3 मार्च 2026 की अधिसूचना में निर्धारित ‘स्लाइडिंग मैकेनिज्म’ (Sliding Mechanism) के तहत किया गया है।
संशोधित परिणाम के तहत:
- ग्रेड C: कुल 232 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है।
- ग्रेड D: कुल 1,483 उम्मीदवारों की सिफारिश की गई है।
10,132 उम्मीदवारों की पसंद के आधार पर आवंटन
आयोग ने बताया कि 5 मई से 8 मई 2026 के बीच कुल 10,132 उम्मीदवारों ने ऑनलाइन माध्यम से पोस्ट और विभाग की वरीयता (Option-cum-Preference) दर्ज की थी। पद और विभाग का यह अस्थायी आवंटन उम्मीदवारों की मेरिट सूची और उनकी प्राथमिकताओं के आधार पर ही तय किया गया है।
आगे क्या करना होगा उम्मीदवारों को
संशोधित सूची में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों के लिए आगे की समय-सीमा जारी कर दी गई है:
स्लॉट बुकिंग (4 – 5 अगस्त 2026): उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट पर लॉग-इन कर अपनी सुविधा अनुसार शहर, तारीख और स्लॉट चुन सकेंगे।
स्लाइडिंग प्रक्रिया (11 – 12 अगस्त 2026): क्षेत्रीय कार्यालयों के निर्धारित केंद्रों पर स्लाइडिंग प्रक्रिया भौतिक (Physical) रूप से आयोजित की जाएगी। इसमें शामिल न होने वाले उम्मीदवारों को अनुपस्थित मानकर अंतिम प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा।
स्किल टेस्ट की मान्य त्रुटि सीमा (Cut-off Error Limit):
ग्रेड C: सामान्य (UR) श्रेणी के लिए 5% और आरक्षित श्रेणियों के लिए 7% तक की गलती मान्य।
ग्रेड D: सामान्य (UR) श्रेणी के लिए 7% और आरक्षित श्रेणियों के लिए 10% तक की गलती मान्य।
टाई-ब्रेकिंग (Tie-Breaking) नियम
यदि दो या उससे अधिक उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं, तो मेरिट का फैसला निम्नलिखित प्राथमिकताओं के आधार पर किया जाएगा:
- अंग्रेजी भाषा और समझ (English Language & Comprehension) में प्राप्त अधिक अंक।
- सामान्य जागरूकता (General Awareness) में प्राप्त अधिक अंक।
- अधिक आयु वाले उम्मीदवार को प्राथमिकता।
- उम्मीदवार के नाम का वर्णक्रम (Alphabetical Order)।







