टीईटी रिजल्ट जारी, नौकरी बचाने की जंग में फेल हुए 62 हजार शिक्षक, सरकार देगी 2 और मौके
TET results declared; 62,000 teachers fail in the battle to save their jobs; government to provide two more chances.

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम आधिकारिक रूप से जारी कर दिया है। राज्य भर में आयोजित इस परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। हालांकि, परीक्षा में शामिल हुए पहले से सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के प्रदर्शन ने सभी को चौंकाया है; अपनी सेवा की सुरक्षा के लिए परीक्षा देने वाले कुल 2.68 लाख से अधिक कार्यरत शिक्षकों में से 62,028 शिक्षक इसमें उत्तीर्ण नहीं हो सके।
60 जिलों के 955 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा
यूपीटीईटी 2026 परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में स्थित 955 परीक्षा केंद्रों पर पांच पारियों में आयोजित की गई थी। कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। अलग-अलग पारियों में प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर के संतुलन को बनाए रखने के लिए आयोग ने विज्ञापन के बिंदु 09 के अनुसार नॉर्मलाइजेशन (तुलनात्मक मूल्यांकन) प्रक्रिया का उपयोग करके अंतिम परिणाम तैयार किया है।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के परिणाम
1. प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) :- 7,13,648 में से 5,71,435 अभ्यार्थी
- पतिशत – 80.07%
2. उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8)10,57,021 में से 7,59,513
- प्रतिशत – 71.85%
कार्यरत शिक्षकों का प्रदर्शन: 62 हजार से ज्यादा असफल
नौकरी में बने रहने की अनिवार्यता के कारण बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षकों ने भी यह परीक्षा दी थी। दोनों स्तरों को मिलाकर कुल 2,68,799 कार्यरत शिक्षक परीक्षा में बैठे थे।
- प्राथमिक स्तर: 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 पास हुए (सफलता दर: 76.29%)।
- उच्च प्राथमिक स्तर: 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 सफल रहे (सफलता दर: 77.45%)।
कुल असफल शिक्षक: दोनों स्तरों को मिलाकर 62,028 शिक्षक परीक्षा पास करने में असफल रहे।
असफल शिक्षकों के लिए राहत: मिलेंगे 2 और मौके
यूपीटीईटी में असफल रहने वाले शिक्षकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार ऐसे शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित करने की योजना बना रही है, जिसका नोटिफिकेशन सितंबर में जारी होने की संभावना है।
इसके अलावा, ये शिक्षक संशोधित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) में भी बैठ सकेंगे। CTET या विशेष TET पास करने के बाद शिक्षकों की नौकरी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
सफल अभ्यर्थी अब आगे की शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए अपना पात्रता प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे।








