PM मोदी ने ‘खास दोस्त’ मेलोनी को भेजा स्पेशल मैसेज, इटली में बना ऐसा रिकॉर्ड जो पहले कोई नहीं कर पाया!
जियोर्जिया मेलोनी ने इटली के युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया; 1,413 दिन पूरे होने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दी खास बधाई।

नई दिल्ली: इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने देश की राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। मेलोनी की सरकार ने लगातार 1,413 दिन सत्ता में रहकर इटली के युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस खास उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए एक खास संदेश भेजा है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मेलोनी को बधाई देते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता की तारीफ की और कहा कि यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व में भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।
PM मोदी ने कहा- यह इटली के लोगों के भरोसे की जीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि इटली के युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर वह अपनी दोस्त प्रधानमंत्री मेलोनी को बधाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि यह मील का पत्थर इटली के लोगों के मेलोनी के नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दिखाता है।
पीएम मोदी ने भारत और इटली के संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेलोनी के साथ उनकी दोस्ती ने भारत-इटली स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को मजबूत करने में मदद की है।
उन्होंने आगे कहा कि वह दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और खुशहाल भविष्य बनाने के उद्देश्य से भारत और इटली के बीच करीबी सहयोग को आगे भी जारी रखने की उम्मीद करते हैं।
मेलोनी सरकार ने पूरे किए 1,413 दिन
जियोर्जिया मेलोनी की सरकार ने शुक्रवार को लगातार 1,413 दिन सत्ता में रहकर नया रिकॉर्ड बनाया। 1946 में इटली गणराज्य बनने के बाद यह किसी एक कैबिनेट का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल है।
मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर पद संभाला था। वह दक्षिणपंथी पार्टी ‘ब्रदर्स ऑफ इटली’ (FdI) की प्रमुख भी हैं।
इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। बर्लुस्कोनी की दूसरी कैबिनेट 2001 से 2005 के बीच 1,412 दिन सत्ता में रही थी।
यानी महज एक दिन के अंतर से मेलोनी की सरकार ने यह पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
रिकॉर्ड टूटते ही बारी में बड़ी रैली
मेलोनी की पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली ने सरकार के रिकॉर्ड कार्यकाल का जश्न मनाने के लिए शुक्रवार शाम दक्षिणी शहर बारी में बड़ी रैली आयोजित की।
इस रैली में खुद जियोर्जिया मेलोनी भी संबोधित करेंगी। पार्टी की ओर से हजारों समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। समर्थकों को रैली तक पहुंचाने के लिए करीब 80 बसों की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।
मेलोनी बोलीं- यह सिर्फ मेरा रिकॉर्ड नहीं
अपनी सरकार के 1,413 दिन पूरे होने पर मेलोनी ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इटैलियन रिपब्लिक के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन गई है।
मेलोनी ने इस उपलब्धि को जिम्मेदारी के साथ स्वीकार करते हुए कहा कि स्थिरता महज कोई रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि यह वह स्थिति है जो किसी देश को योजनाएं बनाने, फैसले लेने और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का अवसर देती है।
रोजगार और अर्थव्यवस्था पर भी गिनाईं उपलब्धियां
मेलोनी ने अपनी सरकार के कार्यकाल में किए गए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने रोजगार बढ़ाने, बेरोजगारी कम करने, परिवारों और कारोबारों को समर्थन देने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर काम किया है।
उन्होंने सार्वजनिक वित्त को गंभीरता से संभालने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इटली की स्थिति तथा विश्वसनीयता मजबूत करने का भी दावा किया।
हालांकि, मेलोनी ने यह भी माना कि अभी कई काम किए जाने बाकी हैं।
‘यह एकजुट गठबंधन की सफलता है’
मेलोनी ने अपनी सरकार की लंबी पारी का श्रेय केवल किसी एक व्यक्ति को देने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह स्थिरता एक एकजुट गठबंधन का परिणाम है, जिसने एक समान विजन के साथ सरकार चलाने का फैसला किया।
उनके मुताबिक, गठबंधन किसी के खिलाफ नहीं बल्कि इटली के लिए एक परियोजना को पूरा करने के उद्देश्य से साथ रहा है।
इटली की राजनीति में 1,413 दिनों का यह रिकॉर्ड ऐसे समय में बना है, जब प्रधानमंत्री मेलोनी की अंतरराष्ट्रीय पहचान भी लगातार मजबूत हुई है। वहीं, पीएम मोदी की ओर से मिली बधाई ने भारत-इटली के बढ़ते रणनीतिक संबंधों को भी एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।








